झारखंड चुनाव में अब तक 207 करोड़ की अवैध सामग्री जब्त, 23 नवंबर से शुरू होगी मतगणना, ईवीएम पर कड़ी निगरानी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि दूसरे चरण के मतदान के बाद सभी ईवीएम को स्क्रूटनी के बाद स्ट्रांग रूम में सील कर दिया गया है। यह दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत किया गया है। पहले स्तर पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल और दूसरे स्तर पर राज्य सशस्त्र बल तैनात हैं। मतगणना के दिन यह व्यवस्था तीन स्तरीय होगी, जिसमें राज्य पुलिस का भी दायित्व होगा।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में कुल 68.95% मतदान हुआ है। पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा। दोनों चरणों का कुल मतदान प्रतिशत 67.74% है। मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा रही, जबकि ग्रामीण इलाकों ने शहरों से बेहतर प्रदर्शन किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इस बार निर्वाचन आयोग का जोर वंचित समाज के लोगों को मतदान प्रक्रिया में शामिल करने पर था। इसी के तहत जामताड़ा के स्नेहपुर स्थित कुष्ठ आश्रम में विशेष मतदान केंद्र बनाया गया, जहां सभी 57 मतदाताओं ने वोट दिया।
पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ 23 नवंबर, सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी ,उसके बाद 8:30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती होगी, पहले राउंड का परिणाम 9:30 बजे संभावित है।
के रवि कुमार ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 207 करोड़ की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गई है वहीं आचार संहिता उल्लंघन के 100 मामले दर्ज हुए है।




