लोहरदगा में बालू माफियाओं का हमला, अंचल अधिकारी की गाड़ी क्षतिग्रस्त
लोहरदगा: जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में अंचलाधिकारी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
अवैध बालू उठाव की सूचना पर पहुंचे थे CO
प्राथमिकी के अनुसार, नूरी सराय पुल के पास मुरकी–सेन्हा पथ पर अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत पर हमला किया गया। सीओ ने आवेदन में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का उठाव हो रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए हमला कर दिया।
तीन नामजद, दस अज्ञात पर केस
सीओ के आवेदन के मुताबिक, दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और छोटे पुत्र राशिद अंसारी समेत करीब दस अज्ञात महिला-पुरुषों ने उन पर हमला किया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और बेलचा से मारपीट की और उनके वाहन पर ईंट से हमला कर शीशा तोड़ दिया।
बताया गया कि मौके पर पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू भी आरोपियों ने अनलोड कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
सीओ ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें रोककर दोबारा मारपीट करने की कोशिश की और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
सरकारी कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
सीओ पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना में कांड संख्या 26/26 दर्ज किया गया है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा, हमला और धमकी देने जैसी धाराएं शामिल की गई हैं। थाना प्रभारी नीरज झा और पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।







