पाकुड़ में टला बड़ा रेल हादसा, ट्रैक पर रखा 4-5 फीट लोहा
Pakur: जिले में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा उस वक्त टल गया जब पाकुड़-बरहरवा रेलखंड पर असामाजिक तत्वों ने रेल परिचालन बाधित करने के उद्देश्य से पटरी पर 4 से 5 फीट लंबा लोहे का टुकड़ा रख दिया। यह घटना तिल भट्टा-कुमारपुर रेलवे फाटक के पास पोल संख्या 156/12 के नजदीक सामने आई।
जानकारी के अनुसार, इस रूट से गुजर रही मालगाड़ी के चालक ने ट्रैक पर संदिग्ध वस्तु को समय रहते देख लिया और तुरंत सतर्कता बरतते हुए ट्रेन की गति नियंत्रित कर दी। इसी कारण लोहे से टक्कर होने और बड़ी दुर्घटना की आशंका टल गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी के पीछे रांची-वनांचल एक्सप्रेस भी आने वाली थी, ऐसे में यदि समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक का निरीक्षण किया। सुरक्षा जांच के तहत डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल के आसपास जांच की। वहीं रेलवे ने ट्रैक को सुरक्षित कर परिचालन सामान्य कराया।
इधर पुलिस ने मामले में कांड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्थानीय स्तर पर संदिग्ध लोगों की पहचान, आसपास के इलाकों की निगरानी और अन्य तकनीकी बिंदुओं पर जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह घटना जानबूझकर रेल परिचालन में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश प्रतीत होती है। दोषियों की पहचान के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।





