होली पर्व के मद्देनजर रामगढ़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समीक्षा, 61 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती
रामगढ़: होली पर्व और रमजान के मद्देनजर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने की। बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी को रमजान एवं आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि किसी क्षेत्र में अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो इसकी तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06553-222005 पर दी जाए।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की अफवाह संबंधी पोस्ट को शेयर न करें। उन्होंने कहा कि अफवाहें ही अक्सर तनाव की वजह बनती हैं, इसलिए सजग रहना जरूरी है।

असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक के दौरान संयुक्त जिला आदेश के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन जांच अभियान और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
61 स्थलों पर विशेष तैनाती
गौरतलब है कि होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 61 स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की है। इसके अलावा प्रत्येक प्रखंड में तीन पालियों में गस्ती दंडाधिकारी और जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने एक बार फिर दोहराया कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।








