रामगढ़ में कुजू थाना का नए सिरे से उद्घाटन, एसपी अजय कुमार ने दिए जनहित के निर्देश
रामगढ़ से मुकेश सिंह : रामगढ़ जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जन–अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कुजू थाना का नए सिरे से विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम मंत्रोच्चारण एवं नारियल फोड़कर पारंपरिक विधि से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के साथ पुलिस उपाधीक्षक फौजान अहमद, सर्किल इंस्पेक्टर रजत कुमार, घाटो ओपी प्रभारी दीपक कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार, मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार, नौशाद आलम सहित कई वरीय और कनिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान एसपी अजय कुमार ने कहा कि कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार के सार्थक प्रयासों से थाने के रखरखाव और कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि थाने का सुंदरीकरण स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों के सहयोग से किया गया है, जो पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है।
एसपी अजय कुमार ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि थाना परिसर में आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से थाने में कॉफी मशीन और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि फरियादियों का पहले स्वागत किया जाए और फिर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम जनता का विश्वास जीतना भी है। फरियादियों की पीड़ा को समझकर त्वरित समाधान की दिशा में प्रयास करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर शांति समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 20 सूत्री मांडू प्रखंड अध्यक्ष गुलाम नबी, प्रेस क्लब सचिव धनेश्वर प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने एसपी अजय कुमार का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया और उनके कार्यों की सराहना की।
कुजू थाना का यह नया स्वरूप और पुलिस प्रशासन की यह पहल क्षेत्र में बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।








