रांची रेलवे स्टेशन से 14 किलो गांजा बरामद, महिला तस्कर सहित तीन गिरफ्तार
मौर्य एक्सप्रेस में बैठे थे गांजा तस्कर
Ranchi:रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और फ्लाइंग टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में रेल पुलिस ने 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला तस्कर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
आरपीएफ रांची से मिली जानकारी के अनुसार, कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में ट्रेन संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस के कोच संख्या S-3 की जांच की गई। जांच के दौरान कोच में तीन संदिग्ध यात्री—दो पुरुष और एक महिला—तीन बैग के साथ बैठे पाए गए।
पूछताछ में टूटा तस्करी का राज
आरपीएफ अधिकारियों ने जब तीनों यात्रियों से पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि बैग उन्हीं के हैं, लेकिन अंदर रखे सामान के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कड़ी पूछताछ के बाद एक आरोपी ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद तीनों आरोपियों को उनके बैग सहित प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर उतारा गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की निगरानी में जब्त सामग्री की डीडी टेस्ट किट से जांच की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई।
किसके पास से कितना गांजा बरामद
जांच में सामने आया कि महिला आरोपी सोनी देवी के बैग से 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ। वहीं बिट्टू कुमार के बैग से 6 पैकेट और प्रमोद प्रसाद सौंडिक के बैग से 5 पैकेट गांजा मिला। सभी पैकेट प्लास्टिक में लिपटे हुए थे। कुल बरामद गांजा का वजन 14 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
संबलपुर से बिहार ले जाने की थी तैयारी
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर मूरी स्टेशन तक ले जा रहे थे। वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार जाने की योजना थी। हालांकि, रांची रेलवे स्टेशन पर ही आरपीएफ की सतर्कता के चलते उनका नेटवर्क पकड़ा गया।
जीआरपी को सौंपे गए आरोपी और गांजा
आरपीएफ ने बरामद गांजा और तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के सुपुर्द कर दिया है। जीआरपी अब एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
रेलवे सुरक्षा बल ने साफ किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और स्टेशन व ट्रेनों में सघन निगरानी रखी जा रही है।








