रांची: रिम्स से इलाज के दौरान बाल कैदी फरार, तलाश तेज
रांची: राजधानी रांची से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। रिम्स अस्पताल से एक बाल कैदी फरार हो गया है। पेट दर्द की शिकायत के बाद दो दिन पहले ही उसे बाल सुधार गृह प्रशासन की ओर से इलाज के लिए रिम्स अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान मंगलवार अहले सुबह वह सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
फरार बाल कैदी को डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था।
चोरी के मामले में था निरुद्ध
पुलिस के अनुसार बाल कैदी रांची के खलारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। चोरी के एक मामले में वह वांछित था। कुछ दिनों तक फरार रहने के बाद चार दिन पहले उसने आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेज दिया था।
वॉशरूम जाने के बहाने हुआ फरार
सदर डीसीपी संजीव बेसरा ने बताया कि वॉशरूम जाने के बहाने बाल कैदी सुरक्षा घेरे से निकल गया। तबीयत खराब होने के कारण उसे रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां से वह फरार हो गया।
पुलिस की जांच और तलाश जारी
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार बाल कैदी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की भी समीक्षा की जा रही है।






