पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार में शोक, पोते वीर सोरेन का कुल्लू में निधन
सरायकेला: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उनके 19 वर्षीय पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वीर सोरेन पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रह रहे थे और दोस्तों के साथ घूमने कुल्लू गए थे।
बर्फ में स्केटिंग के बाद बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को वीर सोरेन अपने मित्रों के साथ कुल्लू में बर्फबारी के बीच स्केटिंग करने गए थे। होटल लौटने के कुछ ही देर बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत इतनी तेजी से खराब हुई कि उन्हें अस्पताल ले जाने तक का समय नहीं मिल पाया और होटल में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली। हालांकि, मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिवार और गांव में पसरा मातम
घटना की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गहरे सदमे में हैं। वे अपने पुत्रों के साथ मंगलवार देर रात रांची से हवाई मार्ग के जरिए दिल्ली रवाना हुए, जहां से कुल्लू पहुंचने की तैयारी है। उनके पैतृक गांव झिलिंगगोड़ा समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और सभी पारंपरिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
परिवार ने जारी किया भावुक शोक संदेश
परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि, “अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का 24 फरवरी 2026 को असामयिक निधन हो गया है। हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है।”
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






