चास नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा का बड़ा फैसला, अविनाश कुमार को मिला समर्थन
Jharkhand Municipal Election: बोकारो जिले के चास नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना पत्ता खोल दिया है। लंबे मंथन और कई दावेदारों के बीच पार्टी ने आखिरकार पूर्व डिप्टी मेयर अविनाश कुमार पर भरोसा जताते हुए उन्हें मेयर पद के लिए समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद चास नगर निगम चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है।
भाजपा की ओर से मेयर पद के लिए कुल 7 नेताओं ने दावेदारी पेश की थी। इनमें अविनाश कुमार के अलावा अर्चना सिंह, ऋतुरानी सिंह, अरविंद कुमार राय, पूर्व मंत्री समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह, कृष्णा राय, आरती राणा और विकास कुमार जैसे नाम शामिल थे। सभी दावेदारों ने पार्टी के समक्ष अपनी-अपनी दावेदारी रखी थी, जिसके बाद संगठन स्तर पर विचार-विमर्श किया गया।
अनुभव को मिली प्राथमिकता
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने इस बार अनुभव और संगठनात्मक पकड़ को प्राथमिक आधार बनाया। इसी क्रम में पार्टी ने चास नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर रह चुके अविनाश कुमार को मेयर पद के लिए सबसे उपयुक्त चेहरा माना। नगर निगम के कामकाज, शहरी समस्याओं और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन पर दांव लगाया है।

पार्टी के भीतर सहमति का दावा
भाजपा नेताओं का कहना है कि सभी दावेदारों से बातचीत के बाद संगठनात्मक हित में यह निर्णय लिया गया है। पार्टी का लक्ष्य है कि चास नगर निगम में मजबूत नेतृत्व देकर विकास कार्यों को नई गति दी जाए। भाजपा का दावा है कि अविनाश कुमार के नेतृत्व में पार्टी चुनाव में मजबूती से उतरेगी और मेयर पद पर जीत दर्ज करेगी।
चुनावी मुकाबला होगा रोचक
चास नगर निगम क्षेत्र में मेयर चुनाव को लेकर पहले से ही सियासी हलचल तेज है। भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद अब अन्य दलों की रणनीतियों पर भी सबकी नजर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चुनावी प्रचार और जनसंपर्क अभियान और तेज होगा।
भाजपा की रणनीति साफ
भाजपा का स्पष्ट संदेश है कि वह शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में अनुभवी और जमीनी पकड़ वाले नेताओं को आगे बढ़ाकर जनता के बीच जाएगी। अविनाश कुमार को प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने यह संकेत दे दिया है कि वह चास नगर निगम में सत्ता पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत झोंकने वाली है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा का यह दांव चुनावी मैदान में कितना असरदार साबित होता है और चास नगर निगम की जनता किसे अपना अगला मेयर चुनती है।








