गिरिडीह में दो नक्सली गिरफ्तार, बिहार STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Naxal Arrest

बेंगाबाद से पकड़े गए माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव निवासी दरोगी यादव का पुत्र पंकज यादव और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव निवासी सुदामा सिंह का पुत्र पवन सिंह शामिल हैं।

संयुक्त छापेमारी में मिली सफलता
दोनों आरोपियों को गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पटना एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस की संयुक्त छापेमारी में हुई। बताया गया कि बिहार की पटना एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बेंगाबाद इलाके में छिपे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम गिरिडीह पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को दी गई।

इसके बाद एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बेंगाबाद पुलिस को सहयोग करने का निर्देश दिया। बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

munadi live whattsapp banne.jpg

कई ठिकानों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को बिहार पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों से पूछताछ के बाद कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।

resizone elanza

Telegram channel

कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में कांड संख्या 143/25 दर्ज है, जो एक नक्सली घटना से जुड़ा मामला है। इसके अलावा इनके खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना क्षेत्रों में तथा झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी ब्लॉक और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना में भी नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

बताया जाता है कि दोनों आरोपी चरकापत्थर थाना क्षेत्र में जेल से जमानत पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मारकर फरार हो गए थे।

घेराबंदी कर की गई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पुलिस के डर से बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत अंतर्गत मंझलाटोल गांव में शरण लिए हुए थे। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बिहार एसटीएफ की टीम बेंगाबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से गांव की घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि बिहार एसटीएफ की टीम गिरिडीह आई थी और बेंगाबाद थाना पुलिस के सहयोग से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार पुलिस ने बताया है कि दोनों के खिलाफ नक्सली मामलों में केस दर्ज है और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए बिहार ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *