चतरा में ACB का बड़ा एक्शन: आयुष पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
Ranchi : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने चतरा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी राम प्रकाश वर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई उस शिकायत के आधार पर की गई, जो टंडवा (चतरा) में पदस्थापित आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. प्रिया कुमारी ने दर्ज कराई थी।
हर महीने वेतन के बदले रिश्वत की मांग
शिकायत के अनुसार, जिला आयुष पदाधिकारी द्वारा वेतन भुगतान के एवज में हर महीने 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। चार माह का वेतन जारी होने के बाद आरोपी अधिकारी ने कुल 20 हजार रुपये की मांग की थी।
डॉ. प्रिया कुमारी द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद एसीबी ने मामले का विधिवत सत्यापन कराया। सत्यापन में यह बात सही पाई गई कि पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी।
ट्रैप बिछाकर रंगे हाथ गिरफ्तारी
सत्यापन के आधार पर एसीबी हजारीबाग थाना कांड संख्या 01/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप टीम गठित की गई।
मंगलवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत एसीबी टीम ने चतरा स्थित जिला संयुक्त औषधालय परिसर में कार्रवाई करते हुए राम प्रकाश वर्मा को 10 हजार रुपये की पहली रिश्वत किस्त लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अपने साथ ले जाया गया है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।








