दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, ISI लिंक वाले 8 संदिग्ध गिरफ्तार
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। गिरफ्तारियां तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान की गईं।
तमिलनाडु की कपड़ा फैक्ट्रियों से 6 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की कपड़ा फैक्ट्रियों में छापेमारी कर 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो भारत में पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।
विदेशी आकाओं के निर्देश पर चल रहा था नेटवर्क
जांच एजेंसियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी आकाओं के निर्देश पर भारत में बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहे थे। ऑनलाइन पोस्ट और भड़काऊ सामग्री की जांच के बाद इस नेटवर्क का सुराग मिला था। स्थानीय पुलिस की मदद से स्पेशल सेल की टीम ने तिरुप्पुर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच जारी है, जिससे मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और फंडिंग नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
दिल्ली मेट्रो और ऐतिहासिक स्थलों पर थे पोस्टर
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हाल ही में दिल्ली के कई इलाकों, खासकर दिल्ली मेट्रो परिसर के आसपास भड़काऊ पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में कश्मीर से जुड़े संदर्भ और उकसाने वाली सामग्री थी, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। पोस्टरों के स्रोत की जांच से ही तमिलनाडु से संचालित नेटवर्क का खुलासा हुआ।
IED से हमले की थी तैयारी, भीड़भाड़ वाले इलाके निशाने पर
खुफिया इनपुट के अनुसार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba (LeT) दिल्ली के भीड़भाड़ वाले धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। सूत्रों के मुताबिक चांदनी चौक का एक मंदिर और लाल किला के आसपास का इलाका संभावित लक्ष्य हो सकता था। आशंका जताई गई थी कि हमलावर IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) का इस्तेमाल कर सकते थे।
सुरक्षा एजेंसियों ने बढ़ाई सतर्कता, जांच जारी
अधिकारियों ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि समय रहते कदम उठाने से संभावित बड़ी साजिश टल गई। फिलहाल सभी आरोपियों को दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है और सीमा पार संबंधों, फंडिंग चैनलों व अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। राष्ट्रीय राजधानी समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।








