जमुआ के भूपतडीह गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 7 अपराधी गिरफ्तार
जमीन विवाद में हुई थी फायरिंग
Giridih : जमीन की खरीद–फरोख्त को लेकर जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह में हुए सनसनीखेज गोलीकांड का खुलासा गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार की टीम ने कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से तीन देसी पिस्टल, 23 जिंदा कारतूस, तीन मैगजीन के अलावा घटना में प्रयुक्त एक कार और दो बाइक बरामद की गई हैं।
सात आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि इस मामले में जमुआ के द्वारपहरी निवासी रामू साव, विजय साव, संजय कुमार उर्फ संजय मंडल, पंकज यादव उर्फ कारू यादव, जोरासांख निवासी अमित कुमार उर्फ अमित वर्मा के अलावा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुसुम्भा निवासी नारायण मंडल और गपैय निवासी राजकुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया है।
खुद की पिस्टल से घायल हुआ था मुख्य आरोपी
एसपी ने बताया कि भूपतडीह में फायरिंग की सूचना मिलने के बाद जांच में यह सामने आया कि घटना के दौरान भागने के क्रम में मुख्य आरोपी रामू साव अपनी ही पिस्टल से घायल हो गया था। वह फिलहाल धनबाद में इलाजरत है। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जंगल में छापेमारी, कार से पकड़े गए आरोपी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ आरोपी ग्राम जरूवाडीह के पास जंगल में छिपे हैं। इस सूचना पर छापेमारी की गई, जहां जंगल के भीतर खड़ी एक कार से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
किसके पास से क्या बरामद हुआ
पुलिस के अनुसार, विजय साव के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस, संजय मंडल के पास से दो जिंदा कारतूस, अमित कुमार उर्फ अमित वर्मा के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और दो कारतूस, पंकज यादव के पास से तीन जिंदा कारतूस तथा नारायण मंडल के पास से एक खाली मैगजीन और दस जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा विजय साव की निशानदेही पर कार के डैशबोर्ड से रामू साव द्वारा इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
हथियार सप्लायर भी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजकुमार मंडल ही इन अपराधियों को हथियार मुहैया कराता था। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। राजकुमार मंडल का आपराधिक इतिहास भी गंभीर रहा है।
हत्या मामले में आजीवन कारावास की सजा
पुलिस ने बताया कि राजकुमार मंडल गिरिडीह कोयलांचल के चर्चित बोदी मंडल हत्याकांड में दोषी ठहराया जा चुका है। उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी और वह एक दशक से अधिक समय तक जेल में रहा। अपील पर जमानत मिलने के बाद वह बाहर था और अब हथियार सप्लायर के रूप में पकड़ा गया है।
सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी रामू साव के खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित करीब छह गंभीर मामले दर्ज हैं। विजय साव, अमित कुमार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इन सभी के आपराधिक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
बड़ी पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस पूरे अभियान में जमुआ सर्किल इंस्पेक्टर प्रदीप दास, जमुआ थाना प्रभारी विभुति देव, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।
आगे की जांच जारी
गिरिडीह पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद और हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। इस मामले में और भी गिरफ्तारी हो सकती है।








