शीतलहर के बढ़ते असर को देखते हुए झारखंड में 6 से 8 जनवरी तक सभी स्कूल बंद
शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला
Ranchi : राज्य में ठंड और शीतलहर के बढ़ते असर को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। विभाग ने आदेश जारी कर झारखंड के सभी स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश 6 जनवरी 2026 से 8 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।
प्री-नर्सरी से 12वीं तक कक्षाएं बंद
जारी आदेश के तहत प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाएं बंद रहेंगी। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि कड़ाके की ठंड में बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सभी तरह के स्कूलों पर लागू आदेश
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश राज्य में संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। किसी भी स्कूल को इससे अलग नहीं रखा गया है।

शिक्षक और कर्मचारी स्कूल आएंगे
हालांकि कक्षाएं बंद रहेंगी, लेकिन सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी इन दिनों स्कूल आएंगे। उन्हें अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और विभागीय निर्देश के अनुसार गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
प्री-बोर्ड परीक्षाओं पर निर्णय स्थानीय स्तर पर
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि में किसी स्कूल में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो संबंधित सक्षम प्राधिकारी अपने स्तर से परीक्षा के आयोजन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। यानी परीक्षा को स्थगित करने या वैकल्पिक व्यवस्था करने का अधिकार स्थानीय प्रशासन के पास रहेगा।
छात्रों और अभिभावकों को राहत
शिक्षा विभाग के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहर के बीच यह कदम बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।







