हरिणकोल पंचायत के कमालपुर गांव के पास अडानी फाउंडेशन का मेगा स्वास्थ्य शिविर
Munadi Live Desk: हरिणकोल पंचायत अंतर्गत कमालपुर गांव के समीप अडानी फाउंडेशन की ओर से एक मेगा स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में पहाड़िया टोला, कुंजवन्ना, इमामनगर, शादीनगर सहित आसपास के गांवों से 600 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा वितरण का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य शिविर में आंखों की जांच, जनरल फिजिशियन, महिला रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की जांच की गई। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने शिविर में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर परामर्श लिया।
जांच के उपरांत जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पावर प्लांट से प्रभावित गांवों में इस प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने पर ग्रामीणों ने अडानी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की और इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मेगा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से उन्हें अपने गांव के पास ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत हो रही है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत हो सकें।




