LPG संकट के बीच बड़ी राहत: 46000 टन गैस लेकर ‘नंदा देवी’ भारत पहुंची
मुनादी लाइव: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय एलपीजी टैंकर ‘नंदा देवी’ मंगलवार को गुजरात के वडीनार बंदरगाह पर पहुंचने वाला है। इस टैंकर में करीब 46,000 मीट्रिक टन लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) लदी हुई है।
इससे पहले ‘शिवालिक’ टैंकर भी भारत पहुंच चुका है, जिससे देश को गैस आपूर्ति के मोर्चे पर थोड़ी राहत मिली थी। अब ‘नंदा देवी’ के पहुंचने से आपूर्ति और मजबूत होने की उम्मीद है।
होर्मुज स्ट्रेट पार कर पहुंचा टैंकर
नंदा देवी जहाज के मुख्य अधिकारी के अनुसार, यह पूरा अभियान बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय तथा भारतीय जहाजरानी निगम के सहयोग से संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि इस मिशन में भारतीय और ईरानी नौसेनाओं ने मिलकर टैंकर को सुरक्षित तरीके से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कराने में अहम भूमिका निभाई। यह वही क्षेत्र है, जहां वर्तमान समय में तनाव के कारण जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
टैंकर अब सुरक्षित रूप से होर्मुज पार कर चुका है और गुजरात के कांडला-वडीनार क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।
वैश्विक LPG संकट के बीच राहत
मुख्य अधिकारी ने कहा कि इस समय पूरी दुनिया एलपीजी सप्लाई को लेकर संकट का सामना कर रही है। ऐसे में भारत तक इतनी बड़ी मात्रा में गैस का पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 46,000 मीट्रिक टन LPG की यह खेप भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे घरेलू गैस सप्लाई को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
आगे भी जारी रहेगी आपूर्ति
अधिकारी के मुताबिक, भविष्य में भी इस तरह की आपूर्ति जारी रखने की योजना है ताकि वैश्विक संकट के बावजूद भारत में गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।
विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इस तरह के सुरक्षित शिपमेंट भारत के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे न सिर्फ सप्लाई चेन मजबूत होगी, बल्कि घरेलू बाजार में कीमतों को स्थिर रखने में भी मदद मिलेगी।








