रामगढ़ पुलिस ने चोरी का बड़ा खुलासा कर आठ लाख की संपत्ति बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
रामगढ़: जिले की पुलिस ने दो दिनों के भीतर चोरी की एक बड़ी वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी हुए चार लाख रुपये नकद और करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कुल मिलाकर लगभग आठ लाख की संपत्ति बरामद कर ली है। इसके साथ ही घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अजय कुमार ने इस सफलता की जानकारी दी। मामला रामगढ़ जेल मोड़ स्थित मनोज कुमार साव के घर में हुई चोरी से जुड़ा है, जहां घात लगाए चोर ने घर से 12 लाख रुपये नकद और लाखों के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद भुक्तभोगी ने तुरंत थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार ने एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष SIT टीम का गठन किया। टीम में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और तकनीकी अनुसंधान इकाई को शामिल किया गया।
तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। बुधवार सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी शनि करमाली उर्फ शनि लोहरा (उम्र 24 वर्ष), पिता छोटेलाल लोहारा, निवासी—जेल मोड़, बिरसा चौक, थाना रामगढ़को बोकारो जिला के दुन्दीबाग बाजार स्थित झोपड़पट्टी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कुछ रुपये और जेवरात वह अपने साथ बोकारो ले गया था, जबकि बाकी सामान उसने रामगढ़ स्थित अपने घर में छिपा रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सभी स्थानों से कुल 8 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद कर ली।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि शनि करमाली इस वारदात को अकेले ही अंजाम देता था और चोरी से पहले कई दिनों तक पीड़ित के घर की रेकी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और अब चोरी में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
रामगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।








