पत्रकार से मारपीट और लूटपाट की कोशिश का खुलासा, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
SSP के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
Ranchi : राजधानी रांची में पत्रकार के साथ मारपीट और लूटपाट की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने महज 12 घंटे के भीतर घटना में शामिल दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी ऋषभ कुमार और रामगढ़ जिले के मांडू निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों को तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

ड्यूटी से लौटते समय बनाया गया निशाना
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात पत्रकार मुकेश कुमार ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर स्थित सुभाष चौक के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन तथा नकदी छीनने की कोशिश की।
पीड़ित के बयान पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार के बयान पर सदर थाना में कांड संख्या 06/25 दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी।
तकनीकी और मानवीय साक्ष्य से खुलासा
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपियों को दोपहिया वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का सख्त संदेश
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मीडियाकर्मियों सहित किसी भी नागरिक की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध करने वालों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







