आरकेडीएफ विश्वविद्यालय में ‘छलांग 4.0’ का समापन, खेल भावना से गूंजा कैंपस
रांची: आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, रांची में आयोजित पाँच दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव “छलांग 4.0” उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 6 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक चले इस आयोजन ने पुंदाग और पालांडू कैंपस में विद्यार्थियों के बीच नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत किया।
खेल महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया। क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और कैरम के साथ-साथ पिट्ठू, रस्साकशी तथा 100 मीटर, 200 मीटर और 4×100 मीटर रिले दौड़ जैसी एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को और रोमांचक बना दिया। सभी आउटडोर खेल नॉकआउट प्रारूप में आयोजित किए गए, जिससे मुकाबले और भी प्रतिस्पर्धी नजर आए।
आयोजन खेल समिति अध्यक्ष श्री शौप्रिक चटर्जी और उनकी टीम के नेतृत्व में सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. चटर्जी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीमवर्क जैसे गुणों को विकसित करता है। उन्होंने कहा कि “छलांग 4.0” जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
वहीं कुलसचिव डॉ. अमित कुमार पांडेय ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान प्राथमिकता देता है। उन्होंने खेल समिति और सभी प्रतिभागियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
“छलांग 4.0” के समापन के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला, जिसने छात्रों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।







