महनार की सभा में बेकाबू हुई भीड़, तेज प्रताप यादव को भागना पड़ा
बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के दौरान महनार में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जनशक्ति जनता दल (JJD) उम्मीदवार जय सिंह राठौर के समर्थन में आयोजित जनसभा में अचानक तेजस्वी यादव जिंदाबाद और लालटेन छाप जिंदाबाद के नारे लगने लगे। माहौल इतना गर्म हो गया कि भीड़ ने तेज प्रताप यादव के काफिले को खदेड़ दिया।
सभा में मचा हंगामा, समर्थकों ने खदेड़ा
जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव महनार के हीरानंद उच्च विद्यालय परिसर में JJD प्रत्याशी जय सिंह राठौर के समर्थन में सभा कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपना भाषण समाप्त किया, भीड़ में मौजूद राजद समर्थक अचानक नारेबाजी करने लगे। विरोध इतना बढ़ गया कि तेज प्रताप यादव को सुरक्षा बलों की मदद से वहां से हटाना पड़ा। तेज प्रताप यादव हेलीकॉप्टर से महनार पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी कारणों से उन्हें सड़क मार्ग से सभा स्थल जाना पड़ा। सभा खत्म होते ही जैसे ही वे महुआ लौटने लगे, तभी विरोध और नारेबाजी की घटना हुई।
JJD उम्मीदवार ने लगाया साजिश का आरोप
JJD के प्रत्याशी जय सिंह राठौर ने इस घटना को राजद उम्मीदवार रविंद्र सिंह की साजिश बताया है। उन्होंने कहा,
“सभा के दौरान सब कुछ सामान्य था। लेकिन लौटते वक्त आरजेडी समर्थकों ने जानबूझकर हंगामा किया ताकि माहौल बिगाड़ा जा सके।”
राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि रविंद्र सिंह ने 15-16 करोड़ रुपये देकर टिकट खरीदा है और दारू-पैसे बांटकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें हार की आशंका दिखेगी, तो वे हिंसक रास्ता अपनाने से भी नहीं चूकेंगे। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और चेतावनी दी है कि इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र को कमजोर करती हैं।
लालू परिवार में बढ़ा तनाव
तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव के बीच चल रहे मतभेद अब फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में तेज प्रताप ने ‘जननायक’ बयान को लेकर तेजस्वी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि,
“तेजस्वी यादव खुद को जननायक बता रहे हैं, लेकिन असली जननायक वो होते हैं जो जनता के बीच जाकर काम करते हैं — जैसे लालू प्रसाद यादव, कर्पूरी ठाकुर, भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी।”
तेज प्रताप ने यह भी कहा था कि अगर तेजस्वी महुआ क्षेत्र में प्रचार करने आए, तो वे भी राघोपुर जाकर प्रचार करेंगे।
अब महनार की यह घटना दोनों भाइयों के बीच तनाव को और बढ़ा सकती है, जिससे लालू परिवार की अंदरूनी राजनीति एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
राजनीतिक हलचल तेज
स पूरे घटनाक्रम के बाद महनार में राजनीतिक माहौल गरम है। JJD और RJD दोनों दलों के समर्थकों में एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज हो गई है।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि तेज प्रताप यादव को जनता के इस तरह के विरोध का सामना करना, राजद के अंदरूनी असंतोष का संकेत भी हो सकता है।








