चास नगर निगम मतदान केंद्र पर हंगामा, SDPO पर हमला; फर्जी वोटिंग रोकने पहुंचे थे अधिकारी

SDPO Praveen Singh

बोकारो: झारखंड में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत जारी मतदान के बीच बोकारो जिले के चास नगर निगम क्षेत्र से हिंसा की बड़ी खबर सामने आई है। वार्ड संख्या 32 स्थित विश्रामागार परिसर के मतदान केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर हमला कर दिया गया। इस घटना में पुलिस अधिकारी घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जांच शुरू कर दी है।

मतदान केंद्र पर भीड़ हटाने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जो चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन था। एसडीपीओ प्रवीण सिंह ने बताया कि जब उन्होंने भीड़ को हटाने की कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया, जिससे वे घायल हो गए।

whatsapp channel

Jever News Paper

पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश की जा रही थी और नियमों का पालन कराने के दौरान यह घटना हुई।

the-habitat-ad

महिलाओं ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
दूसरी ओर, मौके पर मौजूद पार्षद प्रत्याशी सहित कई महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए कहा कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनावश्यक बल प्रयोग किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

resizone elanza

फर्जी मतदान की कोशिश का दावा
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अपने प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी मतदान कराने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

उन्होंने कहा कि पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद मतदान केंद्र और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

निकाय चुनाव के दौरान हुई इस घटना ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है, वहीं पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *