कोहरा, पाला और कनकनी: झारखंड में ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड
Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर अब राज्य के मौसम पर साफ दिखने लगा है। ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची समेत कई जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मैक्लुस्कीगंज में पारा शून्य से नीचे
राज्य में सबसे ठंडा इलाका मैक्लुस्कीगंज रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं खूंटी में 1.4 डिग्री, गुमला में 1.5 डिग्री और हजारीबाग में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री कम है।
रांची, खूंटी और गुमला में शीतलहर का असर
India Meteorological Department के अनुसार रविवार को रांची, खूंटी और गुमला जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। दिन में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि सुबह और शाम के समय कोहरा और कनकनी से राहत नहीं मिलेगी। हवा की रफ्तार 4 से 5 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
दो दिन बाद फिर गिरेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जाएगी। लगातार पाला पड़ने से ग्रामीण इलाकों में सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान
- जमशेदपुर: 8.0°C
- बोकारो: 6.1°C
- चाईबासा: 6.6°C
- मेदिनीनगर: 3.5°C
- गढ़वा: 3.7°C
- देवघर: 7.1°C
- चतरा: 6.0°C
- लोहरदगा: 10.0°C
सरकार कर रही है कंबल वितरण
भीषण ठंड को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया जा रहा है। सड़कों और बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए यह कंबल ठंड से बचाव का सहारा बन रहे हैं।
कोहरे से हवाई सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे का असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। शनिवार को कुल 11 उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं। एयरलाइंस अधिकारियों के मुताबिक कुहासा और एयर ट्रैफिक के कारण दिनभर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।








