धुर्वा से लापता भाई-बहन का 48 घंटे बाद भी पता नहीं, रांची पुलिस ने रखा इनाम
48 घंटे बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं
Ranchi : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी, मल्लार कोचा से लापता भाई-बहन का 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने बच्चों की तलाश तेज कर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
सूचना देने पर 51 हजार रुपये का इनाम
रविवार को रांची पुलिस ने दोनों बच्चों की जानकारी देने वाले व्यक्ति को 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बच्चों की तस्वीर के साथ पुलिस ने पोस्टर जारी कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है।
इन नंबरों पर तुरंत दें जानकारी
पुलिस की ओर से जारी पोस्टर में अपील की गई है कि यदि दोनों बच्चे कहीं भी दिखाई दें, तो तुरंत हटिया डीएसपी के मोबाइल नंबर 8709911997 या धुर्वा थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9771333475 पर संपर्क कर जानकारी दें।
दुकान से चूड़ा-ब्रेड लेने निकले, लौटे नहीं
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम मल्लार कोचा स्थित अपने घर से 7 वर्षीय अंश कुमार अपनी 6 वर्षीय बहन अंशिका कुमारी के साथ पास की दुकान से चूड़ा और ब्रेड लेने निकले थे। इसके बाद दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी देर तक आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर धुर्वा थाना में मामले की सूचना दी गई।
पिता ने जताई अपहरण की आशंका
इधर, बच्चों के पिता सुनील कुमार ने आशंका जताई है कि उनके बच्चों को किसी ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। उन्होंने बताया कि घर से सड़क तक जाने वाली गली में कुछ लोग अक्सर नशे का सेवन करते रहते हैं। पिता का कहना है कि उन्हीं लोगों पर उन्हें संदेह है, जिन्होंने बच्चों को अपने साथ ले लिया हो सकता है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस टीम लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।







