भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह का बड़ा हमला: मंत्री हफिजुल अंसारी पर फर्जी डिग्री और पाकिस्तान लिंक के गंभीर आरोप
hafijul ajayरांची: झारखंड की राजनीति में एक नया विवाद गहराता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने आज राज्य के मंत्री हफिजुल अंसारी पर फर्जी डिग्री हासिल करने और पाकिस्तान से कथित संबंध रखने के गंभीर आरोप लगाए। भाजपा ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
फर्जी डिग्री का आरोप: भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अजय साह ने खुलासा किया कि मंत्री हफिजुल अंसारी ने “भारत वर्चुअल ओपन एजुकेशनल यूनिवर्सिटी” नामक एक फर्जी संस्था से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। साह ने जोर देकर कहा कि यह संस्था न तो यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) द्वारा मान्यता प्राप्त है, न ही भारत सरकार अथवा झारखंड सरकार द्वारा।
उन्होंने यूजीसी एक्ट 1956 के सेक्शन 22 का हवाला देते हुए कहा कि इस प्रावधान के अनुसार किसी भी गैर-मान्यता प्राप्त संस्था को विश्वविद्यालय शब्द के उपयोग अथवा शैक्षणिक उपाधि प्रदान करने का अधिकार नहीं है।
शरीयत आधारित फर्जी संस्थान का आरोप: साह ने मंत्री पर आरोप लगाया कि हफिजुल अंसारी ने भारतीय संविधान के तहत संचालित वैधानिक विश्वविद्यालयों से डिग्री प्राप्त न कर पाने के बाद शरीयत कानून के नाम पर चलने वाली अवैध संस्थाओं से उपाधि प्राप्त की। उन्होंने यह भी कहा कि उक्त फर्जी संस्था मुस्लिम समुदाय के कुछ व्यक्तियों द्वारा संचालित है और इसका कोई कानूनी अस्तित्व नहीं है।
पाकिस्तान लिंक का दावा: अजय साह ने और भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह फर्जी विश्वविद्यालय “सेंट्रल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी, अफ्रीका” से अपनी संबद्धता दिखाता है, परंतु जांच में सामने आया कि इस यूनिवर्सिटी के कथित चांसलर डॉ. उस्मान को इस्लामाबाद, पाकिस्तान स्थित एक संस्था ने प्रोफेसर की उपाधि दी थी।
साह ने दावा किया कि इस नेटवर्क की जड़ें पाकिस्तान से जुड़ी हुई प्रतीत होती हैं, जिससे राज्य की सुरक्षा और संवैधानिक व्यवस्था पर बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता है।
भारतीय संविधान बनाम शरीयत: साह ने मंत्री हफिजुल अंसारी पर आरोप लगाया कि वे अपने कार्यों और निर्णयों में भारतीय संविधान से अधिक शरीयत कानून को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत नैतिकता का मुद्दा नहीं है, बल्कि झारखंड की संवैधानिक प्रतिष्ठा का भी सवाल है।
भाजपा की मांग: अजय साह ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की एक निष्पक्ष, उच्च स्तरीय और व्यापक जांच कराई जाए। यदि पाकिस्तान से किसी प्रकार का संबंध अथवा किसी प्रकार का कानून उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद रहीं, जिन्होंने अजय साह के बयानों का समर्थन करते हुए मंत्री के आचरण की आलोचना की और सच्चाई उजागर करने की आवश्यकता पर बल दिया।








