झारखंड में 2026 की पहली बारिश, 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी
30-40 किमी की रफ्तार से चली हवा, वज्रपात को लेकर चेतावनी
रांची: झारखंड में सोमवार शाम साल 2026 की पहली बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। राज्य के कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए रांची समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाओं और वज्रपात की घटनाएं सामने आई हैं। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की है उनमें — रांची, लोहरदगा, चतरा, गढ़वा, गुमला, खूंटी, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ शामिल हैं। इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मंगलवार को भी खराब मौसम की आशंका
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को भी कई जिलों में ठनका गिरने और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है। लोगों को खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने किसानों को भी सतर्क रहने और खेतों में काम करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
25 फरवरी तक बादल और कुहासा, फिर बदलेगा मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक 25 फरवरी को सुबह हल्का कुहासा और दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद 26 और 27 फरवरी से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और शुष्क परिस्थितियां बन सकती हैं।
हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।







