सरायकेला में BJP नेता के घर पर फायरिंग, अपराधियों का तांडव, पुलिस पर सवाल

BJP Leader Attack

आदित्यपुर के सालडीह बस्ती में सुबह-सुबह वारदात, CCTV में कैद घटना, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

मुनादी लाइव :सरायकेला जिले के आदित्यपुर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 6:55 बजे सालडीह बस्ती में भाजपा नेता सपन दास के घर पर स्कूटी सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने घर की खिड़की को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर स्कूटी से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल भाग निकले।

स्थानीय स्तर पर हमलावरों की पहचान राजू उर्फ टकला और चंदन के रूप में की जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पहले भी दे चुके हैं वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल को भी इन्हीं अपराधियों ने इलाके में हिंसक घटना को अंजाम देने की कोशिश की थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व पार्षद नील पदम विश्वास ने आरोप लगाया कि पुलिस की शिथिलता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि पहले हुई घटना के बाद भी कार्रवाई नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस फायरिंग की पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश तेज कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

munadi live whattsapp banne.jpg

पुलिस का बयान
मामले को लेकर आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

resizone elanza

Telegram channel

बड़ा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े इस तरह की फायरिंग यह दर्शाती है कि अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *