धनबाद प्लांट हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 4

Munidih CPP Plant

मूनीडीह CPP प्लांट हादसे में नया खुलासा, जंगल से मिला शव, गैस रिसाव में CISF-BCCL के कर्मी भी प्रभावित

धनबाद : धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित मूनीडीह सीपीपी प्लांट में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सोमवार को पुलिस ने प्लांट से कुछ दूरी पर स्थित जंगल से एक और शव बरामद किया, जिसकी पहचान केंदुआ निवासी वसीम अंसारी के रूप में की गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है। इससे पहले इसी हादसे में तीन युवकों—आनंद, संजय यादव और अजहरुद्दीन—की मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि जंगल से मिले शव की पहचान वसीम अंसारी के रूप में की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंद पड़े इस प्लांट में कुछ युवक लोहा चोरी के इरादे से घुसे थे। इसी दौरान पाइप कटिंग करते समय अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि मौके पर ही कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

हादसे के बाद प्लांट से जहरीली गैस का भी रिसाव हुआ, जिसकी चपेट में CISF और BCCL के पांच कर्मी आ गए। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

resizone elanza

यह घटना एक बार फिर बंद पड़े औद्योगिक प्लांटों की खतरनाक स्थिति को उजागर करती है। बिना सुरक्षा और निगरानी के ऐसे प्लांट अब आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इन प्लांटों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं। साथ ही यह भी प्रयास किया जा रहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए बंद पड़े प्लांटों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *