टार्च की रोशनी में सर्जरी और धमकी का मामला, सियासत गरमाई
बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य मंत्री और सिस्टम पर उठाए सवाल
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के केरेडारी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में टार्च की रोशनी में महिला की सर्जरी का वीडियो सामने आने और बाद में इस सच्चाई को उजागर करने वाली महिला को फोन पर धमकी मिलने के मामले ने झारखंड की राजनीति में भूचाल ला दिया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस पूरे मामले को स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का जीता-जागता उदाहरण बताते हुए सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर तीखा हमला बोला है।
धमकी देने वाले पर कार्रवाई की मांग
बाबूलाल मरांडी ने हजारीबाग पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वाले शख्स के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को उजागर करने वालों को डराना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। इस मामले में पक्ष जानने के लिए स्वास्थ्य मंत्री से कई बार फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
क्या है वीडियो और ऑडियो विवाद
दरअसल, छह दिन पहले बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर एक वीडियो साझा किया था। यह वीडियो केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र का बताया जा रहा है, जिसमें बिजली नहीं होने की स्थिति में टार्च की रोशनी में एक महिला की सर्जरी की जा रही है। वीडियो में एक महिला सवाल उठाते हुए इस अमानवीय व्यवस्था को कैमरे में कैद करती नजर आती है।
इसके बाद शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष ने एक ऑडियो क्लिप भी जारी की, जिसमें वही महिला दावा कर रही है कि उसे एक शख्स फोन कर नौकरी छीनने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
“किस हैसियत से दी जा रही धमकी?”
बाबूलाल मरांडी ने एक्स पर पोस्ट कर सवाल उठाया कि आखिर किस अधिकार से कोई व्यक्ति एक महिला को डराने और उसकी नौकरी छीनने की धमकी दे रहा है। उन्होंने सिविल सर्जन हजारीबाग से स्पष्ट जवाब मांगा है कि यह धमकी किसके इशारे पर दी जा रही है।
उन्होंने लिखा कि यह वही सरकार है जिसने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर दलित समाज से आने वाले रिम्स निदेशक को हटाने की कोशिश की, लेकिन हाईकोर्ट ने उस फैसले को पलट दिया।
“हिम्मत है तो कार्रवाई कर के दिखाएं”
नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री, विभागीय सचिव और मुख्यमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में हिम्मत है तो भ्रष्टाचार उजागर करने वाली इस महिला पर कार्रवाई करके दिखाए। उन्होंने साफ कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष करेगी।
वीडियो में क्या दिख रहा है
वीडियो में ऑपरेशन थियेटर के अंदर घना अंधेरा दिखता है। एक महिला ऑपरेशन टेबल पर लेटी है और परिवार नियोजन से जुड़ी सर्जरी टार्च की रोशनी में की जा रही है। बाबूलाल मरांडी ने इसे बेहद शर्मनाक और अमानवीय करार दिया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सिर्फ बयानबाजी और प्रचार में व्यस्त हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में न बिजली है, न दवाइयां, न एंबुलेंस और न ही पर्याप्त डॉक्टर।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए लिखा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। सिर्फ घोषणाओं से हालात नहीं सुधरेंगे। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग की गंभीर समीक्षा कर सरकारी अस्पतालों में इलाज की बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।








