निरसा बाजार में भीषण आग, एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक
Dhanbad (Nirsa) : जिले के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत निरसा बाजार में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फुटपाथ के पास बनी एक दर्जन से अधिक दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
दमकल और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस के साथ डीवीसी मैथन एमपीएल की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और सीआईएसएफ की तत्परता से आसपास की अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
दमकल टीम देरी से पहुंची, दुकानदारों ने लगाए आरोप
घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक उनकी दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। दुकानदारों का दावा है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर पहुंच जातीं, तो कुछ दुकानों को बचाया जा सकता था।
लाखों का नुकसान, रोजी-रोटी पर संकट
कपड़े की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि आग में उनकी दुकान का सारा सामान जल गया, जिससे उन्हें करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अन्य दुकानदारों ने भी लाखों के नुकसान की बात कही है। इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन से मदद की मांग
पीड़ित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मुआवजे और पुनर्वास की मांग की है। वहीं, दमकल टीम की कार्यप्रणाली और समय पर राहत नहीं मिलने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से अब तक नुकसान के आकलन और सहायता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।






