पूर्व मंत्री दुलाल भुइयाँ आज भाजपा में होंगे शामिल, हजारों समर्थकों संग रांची रवाना
रिपोर्ट: बिनोद केसरी | जमशेदपुर
Ranchi : झारखंड की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिलेगा। झामुमो के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयाँ आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामेंगे। वे अपने हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जमशेदपुर से रांची के लिए रवाना हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दोपहर करीब 1 बजे वे औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
पीएम मोदी के कार्यों से प्रभावित होने की बात
दुलाल भुइयाँ ने भाजपा में शामिल होने के निर्णय पर कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और नीतियों से प्रभावित होकर यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में चल रहे विकास कार्य, गरीब कल्याण योजनाएं और मजबूत नेतृत्व ने उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अपने पूर्व दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर भी तीखा हमला बोला और पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाए।
राजनीतिक समीकरणों पर असर
दुलाल भुइयाँ के भाजपा में शामिल होने से झारखंड की राजनीतिक तस्वीर में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। खासकर कोल्हान और आसपास के क्षेत्रों में इसका प्रभाव पड़ सकता है, जहां उनका अच्छा जनाधार माना जाता है।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में होने वाला यह कार्यक्रम महाशिवरात्रि के दिन आयोजित किया जा रहा है, जिसे पार्टी संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मान रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीतियों को देखते हुए यह कदम भाजपा के लिए संगठन विस्तार की दिशा में अहम साबित हो सकता है।






