गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.586 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
बिना नंबर की मोटरसाइकिल से हो रही थी गांजा की तस्करी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1.586 किलो गांजा और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई गोड्डा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ब्लू रंग की मोटरसाइकिल से पंजवारा (बिहार) से गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकटिया होते हुए रेड्डी की ओर गांजा की तस्करी करने वाला है।
पुलिस ने घेरा और पकड़ा आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और सिकटिया-रेड्डी मुख्य मार्ग स्थित लीलाथान के पास वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की गई। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस को देखकर गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा।
पकड़े गए युवक की पहचान मनोज मंडल उर्फ सतन मंडल (32 वर्ष), ग्राम मधैया, थाना गोड्डा मुफस्सिल निवासी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि झोले में गांजा और उसे तौलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक तराजू रखा गया है।
बरामदगी और जब्ती
पुलिस ने बिना नंबर की ब्लू रंग की Honda SP 125 मोटरसाइकिल की तलाशी ली। झोले से 1.586 किलो गांजा के दो पैकेट और एक नीले रंग का इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। आरोपी गांजे को पंजवारा से रेड्डी की ओर सप्लाई करने जा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोड्डा मुफस्सिल थाना कांड संख्या 180/2025 दिनांक 09.10.2025 के तहत NDPS Act, 1985 की धारा 20 (b) (ii) (A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा, “नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी हालत में मादक पदार्थों की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”








