युद्धविराम की खबर से गोल्ड-सिल्वर में उछाल, निवेशकों की भारी खरीदारी
ईरान-अमेरिका तनाव कम होने की उम्मीद, निवेशकों ने बढ़ाई खरीदारी
मुनादी लाइव : ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में हलचल तेज हो गई है। इस बीच सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। निवेशकों ने एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्प यानी गोल्ड और सिल्वर की ओर रुख किया है। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किए जाने के बाद बाजार का रुख पूरी तरह बदल गया। युद्ध की अनिश्चितता के बीच राहत की खबर मिलते ही निवेशकों ने सोने में अपनी पोजीशन बढ़ानी शुरू कर दी।
रिपोर्ट के अनुसार, स्पॉट गोल्ड की कीमत में करीब 2.3% की तेजी आई है और यह 4,811 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच गया है। वहीं, अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी 3.3% चढ़कर 4,840 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। इससे पहले बाजार में हल्की गिरावट देखने को मिल रही थी, लेकिन सीजफायर की खबर ने माहौल पूरी तरह बदल दिया।
चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया है। सिल्वर करीब 4.6% तक उछल गया है, जिससे निवेशकों का रुझान इस धातु की ओर भी तेजी से बढ़ा है।
क्यों बढ़े दाम?
वैश्विक बाजार के जानकारों के अनुसार, सोना हमेशा से “सेफ हेवन” माना जाता है। जब भी दुनिया में तनाव या अनिश्चितता होती है, निवेशक सोने की ओर रुख करते हैं। हालांकि इस बार स्थिति थोड़ी अलग है। युद्धविराम की खबर ने बाजार को राहत दी, लेकिन साथ ही निवेशकों ने भविष्य की संभावित अस्थिरता को देखते हुए गोल्ड में निवेश बढ़ाया है।
तेल की कीमतों में गिरावट
जहां एक ओर सोना-चांदी के दाम बढ़े हैं, वहीं दूसरी ओर तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इसका कारण युद्ध की आशंका कम होना और सप्लाई बाधित होने का खतरा घट जाना माना जा रहा है।
आगे क्या संकेत?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में:
- अगर सीजफायर कायम रहता है, तो बाजार स्थिर हो सकता है
- लेकिन किसी भी नए तनाव से गोल्ड में और तेजी आ सकती है
- निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं







