ऑपरेशन प्रहार में जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रग्स विक्रेता व हथियारबंद अपराधी गिरफ्तार
नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई
Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस द्वारा नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। ताजा कार्रवाई में ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री करने वाले तीन आरोपियों, एक हथियारबंद अपराधी और छिनतई की घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
ड्रग्स विक्रेता गिरफ्तार, 10 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उलीडीह ओपी क्षेत्र में कुछ युवक टेम्पो से घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें सुशांत साव, अंशु कुमार और पंकज साव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके पास से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हथियार के साथ अपराधी धराया
एक अन्य कार्रवाई में आजादनगर थाना पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक हथियारबंद अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पारडीह मुख्य सड़क पर चेकिंग के दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा।
तलाशी में आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फयाज आलम के रूप में हुई है, जिसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह लूटपाट की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था।
छिनतई मामले में दो आरोपी और एक नाबालिग पकड़े गए
6 जनवरी को आजादनगर निवासी सबा परवीन के साथ बाजार में छिनतई की घटना हुई थी। बाइक सवार युवकों ने उनका बैग छीन लिया था। पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर जांच करते हुए इमरान आलम और मोहम्मद वकील को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छिने गए कई सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा और शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।








