पाकुड़ स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी: 39 संस्थानों को मिला NQAS प्रमाणन, 5 संस्थानों के परिणाम शेष
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में पाकुड़ की बड़ी उपलब्धि, उपायुक्त मनीष कुमार ने टीम को दी बधाई
पाकुड़ : झारखंड का पाकुड़ जिला स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता और स्वास्थ्य विभाग के समर्पित प्रयासों से हाल ही में जिले के 6 और स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही अब तक कुल 39 स्वास्थ्य संस्थान इस मानक से प्रमाणित हो चुके हैं। जिले के 5 और स्वास्थ्य संस्थानों के परिणाम भी जल्द आने वाले हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक इस वर्ष पाकुड़ जिले को 50 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को NQAS प्रमाणित कराने का लक्ष्य दिया गया है। उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सिविल सर्जन और संपूर्ण स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में हो रहे निरंतर सुधार को दर्शाती है।
“प्रोजेक्ट जागृति” से बदली तस्वीर
उपायुक्त ने जानकारी दी कि “प्रोजेक्ट जागृति” लागू होने के बाद जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के सभी पैमानों पर विशेष ध्यान देते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर और सर्विस डिलीवरी में उल्लेखनीय सुधार किया है। स्वास्थ्य संस्थानों के बेहतर प्रबंधन, रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, साफ-सफाई और समय पर इलाज जैसी व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

कालाजार उन्मूलन में उल्लेखनीय प्रगति
उपायुक्त ने बताया कि हाल ही में कालाजार पर राज्य स्तर की प्रस्तुति में पाकुड़ जिले की प्रगति को पीपीटी के माध्यम से साझा किया गया। इस प्रस्तुति के दौरान राज्य और केंद्र की टीम मौजूद थी। उन्होंने कहा कि कालाजार उन्मूलन के क्षेत्र में जिले में भीएल केसों में उल्लेखनीय कमी आई है।
एनीमिया मुक्त झारखंड अभियान में भी बाजी मारी
पाकुड़ जिले ने एनीमिया मुक्त झारखंड अभियान में भी सराहनीय कार्य करते हुए पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जिले ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर भी ठोस कदम उठाए हैं।
आने वाले समय में और मजबूत होगी स्वास्थ्य सेवा
उपायुक्त मनीष कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि आनेवाले समय में पाकुड़ जिले की स्वास्थ्य सेवाएँ और भी सुदृढ़ होंगी तथा निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को निरंतर समर्पण और मेहनत जारी रखने का आह्वान किया।
एनक्यूएएस (NQAS) क्या है?
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छता, गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा और सेवाओं के स्तर पर आंका जाता है। पाकुड़ जिला अब इस मानक पर राज्य के अन्य जिलों के लिए एक मॉडल बनकर उभरा है।
स्थानीय लोगों में खुशी
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में NQAS प्रमाणन की खबर सुनकर स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों में भी उत्साह है। उनका कहना है कि अब सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल रही हैं।








