रामगढ़ हेड पोस्ट ऑफिस में CBI की बड़ी कार्रवाई, डाक अधिदर्शक 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Post Office Scam

रामगढ़: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की रांची टीम ने रामगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगढ़ हेड पोस्ट ऑफिस में पदस्थापित डाक अधिदर्शक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है।

15 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया डाक अधिदर्शक
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, रामगढ़ हेड पोस्ट ऑफिस में कार्यरत प्रभु मुंडा, जो डाक अधिदर्शक के पद पर तैनात हैं, को CBI की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए धर-दबोचा। बताया जा रहा है कि CBI की टीम एक इनोवा वाहन से आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों के साथ पोस्ट ऑफिस पहुंची और पहले से बिछाए गए जाल के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।

ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर मांगी गई थी 50 हजार की रिश्वत
सूत्रों के मुताबिक, प्रभु मुंडा ने पोस्ट ऑफिस में कार्यरत ललिता कुमारी नामक महिला कर्मचारी से ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत CBI रांची कार्यालय से की। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद CBI ने ट्रैप प्लान तैयार किया।

whatsapp channel

Jever News Paper

एडवांस रकम लेते ही दबोचा, पूछताछ जारी
योजना के तहत जैसे ही महिला कर्मचारी ने एडवांस के तौर पर 15 हजार रुपये दिए, CBI की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डाक अधिदर्शक को रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और पोस्ट ऑफिस से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

the-habitat-ad

CBI की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक CBI की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

resizone elanza

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
इस कार्रवाई को सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। CBI की इस छापेमारी के बाद डाक विभाग सहित अन्य सरकारी कार्यालयों में भी खलबली मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *