देश को मिलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, 17 जनवरी को उद्घाटन
कोलकाता–गुवाहाटी के बीच चलेगी पहली स्लीपर वंदे भारत
New Delhi : देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को इस ऐतिहासिक ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
यह ट्रेन कोलकाता और गुवाहाटी के बीच चलेगी और लंबी दूरी के यात्रियों को आधुनिक स्लीपर सुविधा उपलब्ध कराएगी।
मालदा टाउन से दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी 17 जनवरी को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन कामाख्या और हावड़ा जंक्शन के बीच परिचालित होगी।
6 नई अमृत भारत एक्सप्रेस भी होंगी शुरू
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ-साथ 6 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की भी शुरुआत की जा रही है। इन ट्रेनों की यात्री सेवा 17 और 18 जनवरी से शुरू होगी।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस रूट्स:
- 16107/16108 – ताम्बरम ⇄ संतरागाछी
- 16597/16598 – एसएमवीटी बेंगलुरु ⇄ अलीपुरद्वार जंक्शन
- 16523/16524 – एसएमवीटी बेंगलुरु ⇄ बालुरघाट
- 16223/16224 – एसएमवीटी बेंगलुरु ⇄ राधिकापुर
- 20603/20604 – न्यू जलपाईगुड़ी ⇄ नागरकोइल
- 20609/20610 – न्यू जलपाईगुड़ी ⇄ तिरुचिरापल्ली
52 हफ्तों में 52 सुधार: रेल मंत्री
दिल्ली में आयोजित अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि साल 2026 में भारतीय रेलवे में बड़े स्तर पर सुधार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समयबद्धता को ध्यान में रखते हुए 52 हफ्तों में 52 सुधार लागू किए जाएंगे।
रेलवे में AI और नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल
रेल मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में ट्रेनों में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को बढ़ावा दिया जाएगा। रेलवे के संचालन, सुरक्षा और मेंटेनेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाएगा, जिससे भारतीय रेलवे का स्वरूप पूरी तरह आधुनिक होगा।








