झारखंड में पंचायत चुनाव 2027: मार्च-अप्रैल में मतदान, तैयारी शुरू
राज्य निर्वाचन आयोग ने शुरू की तैयारी, OBC ट्रिपल टेस्ट के बाद बदलेगा आरक्षण ढांचा
मुनादी लाइव : झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने संकेत दिए हैं कि अगले वर्ष मार्च-अप्रैल 2027 में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने जानकारी साझा की है।
नगर निकाय चुनाव के बाद अब ग्रामीण स्तर की सरकार के गठन की प्रक्रिया पर फोकस किया जा रहा है। आयोग का लक्ष्य है कि जून 2027 तक पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाए और गांवों में नई सरकार का गठन हो जाए।
चुनाव से पहले पंचायती राज विभाग द्वारा ओबीसी ट्रिपल टेस्ट कराने का निर्णय लिया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था में बदलाव संभव है। इससे ओबीसी, एससी, एसटी और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का नया निर्धारण किया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था के तहत पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर यह भी स्पष्ट किया गया है कि मतदान नए मतदाता सूची के आधार पर कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बाद जारी होने वाली वोटर लिस्ट को आधार बनाया जाएगा।
इस बार भी पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से ही कराए जाएंगे, जैसा कि पहले होता आया है। साथ ही कुछ पदों जैसे उपमुखिया, उप प्रमुख और जिला परिषद उपाध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष तरीके से होगा।
अगर पिछले पंचायत चुनाव पर नजर डालें तो 2022 में राज्य में कुल 4345 पंचायत थे और ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 53,479 थी। इसके अलावा पंचायत समितियों की संख्या 5,341 और जिला परिषद के क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 536 थी।
इस बार चतरा जिले की बचरा पंचायत में भी चुनाव कराया जाएगा, जहां पिछले पांच वर्षों से न तो पंचायत चुनाव हुए थे और न ही नगर निकाय चुनाव हो पाया था। अब इसे फिर से पंचायत क्षेत्र घोषित किए जाने के बाद वहां भी मतदान होगा।
राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों के साथ ही अब पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज होने की संभावना है।






