खलारी में विवाह को लेकर तनाव, सड़क जाम और थाने में हंगामा

Marriage Dispute

Khalari (Ranchi) : खलारी क्षेत्र में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के विवाह से जुड़ी सूचना के बाद रविवार को दिनभर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब स्थानीय लोगों को जानकारी मिली कि शनिवार को युवक-युवती साथ में खलारी थाना पहुंचे थे। सूचना मिलते ही युवती के परिजन और आक्रोशित ग्रामीण थाने पहुंच गए और युवती को वापस बुलाने की मांग को लेकर हंगामा शुरू हो गया।

थाने से ओवरब्रिज तक पहुंचा विरोध
पुलिस की ओर से तत्काल कोई ठोस पहल नहीं होते देख भीड़ थाना परिसर से निकलकर खलारी ओवरब्रिज पहुंच गई और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शनकारी युवती को थाने लाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भीड़ ओवरब्रिज से हटकर पुनः थाना परिसर लौट आई।

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
बढ़ती भीड़ और तनाव को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। कई घंटे के इंतजार के बाद पुलिस युवती को खलारी थाना लेकर पहुंची, जिसके बाद परिजन उससे बातचीत कर समझाने-बुझाने में जुट गए। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही।

whatsapp channel

Jever News Paper

विवाह को लेकर परस्पर विरोधी दावे
इधर, शनिवार को थाने पहुंचे युवक तौफिक अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसने युवती से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया कोर्ट में विवाह कर लिया है। वहीं, युवती के परिजन इस दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस तारीख को विवाह की बात कही जा रही है, उस दिन युवती खलारी स्थित अपने घर पर ही मौजूद थी। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

संगठनों के आरोप, जांच की मांग
मामले को लेकर कुछ स्थानीय हिंदू संगठनों के नेताओं ने इसे ‘लव जेहाद’ से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

resizone elanza

पुलिस का पक्ष
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *