डोडा हादसे के शहीद जवानों के पार्थिव शरीर रांची पहुंचे, नम आंखों से दी गई अंतिम सलामी
Ranchi : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों के पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात रांची लाए गए। जैसे ही ताबूत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचे, वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। पूरे वातावरण में शोक, गर्व और सम्मान की भावना एक साथ महसूस की जा रही थी।
एयरपोर्ट पर दी गई अंतिम सलामी
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में सेना के जवानों ने अपने वीर साथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शहीदों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ने कहा,
“देश की रक्षा में शहीद जवानों का सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य सरकार शहीद परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता देगी।”
22 जनवरी को हुआ था दर्दनाक हादसा
गौरतलब है कि 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा था। इस हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, 11 जवान गंभीर रूप से घायल हुए । सभी जवान ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए तैनाती स्थल की ओर जा रहे थे।
झारखंड का लाल भी शामिल
इस हादसे में शहीद जवानों में रांची के तिरिल निवासी अजय लकड़ा भी शामिल थे। उनके साथ पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुंडा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न लोहारा भी शहीद हुए। खराब मौसम के कारण विमान सेवा में देरी हुई, जिसकी वजह से पार्थिव शरीर देर रात रांची लाए जा सके।
आज होगा अंतिम संस्कार
प्रशासन के अनुसार—शहीद प्रद्युम्न लोहारा के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव झालदा, पुरुलिया ले जाया जाएगा शहीद अजय लकड़ा का अंतिम संस्कार रांची में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा
गूंजे देशभक्ति के नारे
एयरपोर्ट परिसर कुछ देर के लिए “भारत माता की जय”और “शहीद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। पूरे राज्य में वीर सपूतों के बलिदान पर गर्व के साथ गहरा शोक भी देखा गया।








