ज्वेलरी शोरूम में अब चेहरा ढंककर नहीं होगी एंट्री, झारखंड पुलिस का सख्त आदेश
बोकारो तनिष्क लूटकांड के बाद बड़ा फैसला
Ranchi : बोकारो स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में नकाबपोश अपराधियों द्वारा लूट की कोशिश के बाद झारखंड पुलिस ने राज्यभर की ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर नया दिशा-निर्देश जारी किया है।
मास्क, नकाब, हिजाब और हेलमेट पर रोक
नए आदेश के तहत पुरुषों को मास्क, नकाब या हेलमेट पहनकर और महिलाओं को हिजाब, बुर्का या घूंघट में सोने-चांदी की दुकानों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ग्राहकों को पहचान सुनिश्चित करने के लिए चेहरा पूरी तरह खुला रखना अनिवार्य किया गया है।
CCTV में पहचान सुनिश्चित करना लक्ष्य
पुलिस का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य सीसीटीवी फुटेज में ग्राहकों और संदिग्धों की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि किसी आपराधिक घटना की स्थिति में अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी आसान हो सके।
नियम तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
झारखंड पुलिस ने साफ किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों को संदिग्ध मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। सभी ज्वेलरी शोरूम संचालकों को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।




