रामगढ़ पतरातु ग्रिड के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत
रामगढ़: रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसा पतरातू ग्रिड के समीप हुआ, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान रौनक कुमार शाह के रूप में हुई है, जो निर्माणाधीन पीवीयूएनएल (PVUNL) पावर प्लांट में लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर के तहत कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, रौनक कुमार शाह बीती रात ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने आवास की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पतरातू थाना क्षेत्र स्थित ग्रिड के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में किया गया मृत घोषित
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल रौनक कुमार शाह को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही सहकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

यूपी के बलिया का रहने वाला था मृतक
बताया जा रहा है कि मृतक रौनक कुमार शाह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी था और रोजगार के सिलसिले में पतरातू क्षेत्र में कार्य कर रहा था। उसके साथ काम करने वाले मजदूरों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से अज्ञात वाहन की टक्कर का मामला है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंच चुकी थी। पतरातू थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






