उरीमारी में बड़ी वारदात से पहले पुलिस की कार्रवाई, राहुल दूबे गैंग नाकाम
फायरिंग की साजिश का भंडाफोड़, हथियारों के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने राहुल दूबे गैंग की फायरिंग की साजिश को नाकाम करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम चेकिंग और छापेमारी अभियान के दौरान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पुलिस कार्बाइन, दो पिस्टल, जिंदा गोलियां, AK-47 और SLR राइफल के मैगजीन, साथ ही एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। हथियारों की बरामदगी ने गिरोह की मंशा और खतरे की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
रंगदारी नहीं मिलने पर फायरिंग की थी योजना
पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी को उरीमारी स्थित एक कोलियरी कंपनी से रंगदारी नहीं मिलने के बाद गिरोह ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की योजना बनाई थी। यह पूरी साजिश राहुल दूबे और आशीष साव के निर्देश पर रची जा रही थी।
योजना के तहत गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे थे और कोलियरी क्षेत्र की रेकी कर रहे थे, ताकि मौके और समय का सही आकलन कर फायरिंग की जा सके।
गुप्त सूचना से हुआ खुलासा, SIT का गठन
इसी बीच अंजनी अंजन, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दूबे गैंग के सदस्य हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया और उरीमारी क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया और बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया।
आगे की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि
- गिरोह में और कौन-कौन शामिल है
- हथियारों की आपूर्ति कहां से हुई
- कोलियरी और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों को लेकर आगे की क्या योजना थी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।








