बरगण्डा में नाबालिग छात्रा ने की आत्महत्या, मरने से पहले परिजनों को भेजा मैसेज
Giridhi : गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगण्डा इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले छात्रा ने अपने परिजनों को मोबाइल पर संदेश भेजकर इस कदम की जानकारी दी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने सुबह करीब 11 बजे अपने परिजनों को मैसेज भेजा कि वह फांसी लगाने जा रही है। संदेश मिलते ही परिजन आनन-फानन में बरगण्डा स्थित दीपक कुमार सिंह के मकान पहुंचे, जहां छात्रा किराए पर रह रही थी। कमरे में पहुंचते ही उन्होंने देखा कि छात्रा फंदे से लटकी हुई है।
घटना की सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका पिछले करीब आठ महीनों से बरगण्डा में किराए के मकान में रह रही थी। वह 11वीं कक्षा की कोचिंग की तैयारी कर रही थी, जबकि उसकी पढ़ाई जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज स्थित लंगटा बाबा कॉलेज में चल रही थी।
मृत छात्रा की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कासियाडीह गांव निवासी परमेश्वर मंडल की 17 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी मंडल के रूप में हुई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। नगर थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है, वहीं परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।






