भूमि रेकॉर्ड पोर्टल ‘झारभूमि’ 25 सितंबर तक डाउन, ऑनलाइन कामकाज रुकेगा
झारभूमि’ सर्वर 7 दिन रहेगा डाउनझारखंड: झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्यवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। विभाग के मुताबिक, राज्य का ‘झारभूमि’ (Jharbhoomi) सर्वर 19 सितंबर 2025 से 25 सितंबर 2025 तक तकनीकी कारणों से बंद रहेगा।
इस अवधि में भू-अर्जन, भू-अभिलेख, परिमाप समेत सभी जमीन से जुड़ी ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
उप निदेशक नूतन कुमारी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, झारखंड लैंड रिकॉर्ड्स एप्लिकेशन (झारभूमि) को झारखंड स्टेट डेटा सेंटर (JHSDC) से JAP-IT के नए इंफ्रास्ट्रक्चर JHSDC 2.0 में स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी कारण यह तकनीकी कार्य किया जा रहा है।
विभाग ने दिए निर्देश
विभाग ने सभी अपर समाहर्त्ता, जिला अवर निबंधक, उपायुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता और अंचलाधिकारी को इस बारे में सूचित कर दिया है ताकि लोगों को होने वाली असुविधा को कम किया जा सके।
इसके अलावा विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि लोगों को ‘Suo-moto Mutation’ के तहत किसी भी तरह के लेन-देन का नुकसान न हो।
सेवाएं प्रभावित, लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
‘झारभूमि’ सर्वर के डाउन रहने से इस अवधि में राज्य के नागरिक जमीन संबंधी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाएंगे।
हालांकि, विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि यह अस्थायी तकनीकी कार्य है और 25 सितंबर 2025 के बाद सभी सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो जाएंगी।
झारखंड सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे 19 से 25 सितंबर तक जमीन से जुड़ी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन या लेन-देन करने से बचें। विभाग के अनुसार, यह कदम झारभूमि पोर्टल को अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए उठाया गया है, ताकि भविष्य में नागरिकों को तेज और भरोसेमंद सेवा मिल सके।








