चट्टी बारियातु माइंस में पूर्व विधायक पर उत्पात का आरोप, चालक गंभीर घायल

Mining Conflict

Chatti Bariyatu/Hazaribagh: चट्टी बारियातु माइंस क्षेत्र में मंगलवार देर शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब आंदोलन के दौरान पूर्व विधायक योगेंद्र साव और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप सामने आए। माइंस क्षेत्र में कार्यरत वाहन चालकों का आरोप है कि आंदोलन की आड़ में अव्यवस्था फैलाई गई और हाईवा चालकों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल चालक को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है। वाहन चालकों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक चालक अपनी गाड़ी में आराम करने जा रहा था। इसी दौरान आंदोलन में शामिल कुछ लोग धरना स्थल से निकलकर सामने से गुजर रहे वाहन को रोकने लगे और देखते ही देखते चालक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और हमले के बाद माइंस क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अन्य चालकों का आरोप है कि इसी दौरान कुछ और वाहनों को भी रोका गया और उनके चालकों के साथ बदसलूकी की गई, जिससे माइंस का सामान्य संचालन प्रभावित हुआ।

घटना के बाद माइंस क्षेत्र में कार्यरत एनटीपीसी के कर्मियों और माइंस डेवलपर एंड ऑपरेटर (MDO) के अंतर्गत काम कर रहे कर्मचारियों में भय का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इन कर्मियों में लगभग 90 प्रतिशत स्थानीय झारखंड निवासी हैं, जो रोज़ी-रोटी के लिए माइंस संचालन पर निर्भर हैं।

munadi live whattsapp banne.jpg

स्थानीय लोगों का कहना है कि आंदोलन के नाम पर इस तरह की हिंसक घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार और सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी ली जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *