BRICS गाला डिनर में 16 राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल, PM मोदी आज देंगे खास डिनर
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चल रहे BRICS सम्मेलन के बीच आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खास गाला डिनर का आयोजन किया जा रहा है। शाम 7:30 बजे होने वाले इस डिनर में देश के 16 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से आमंत्रित मुख्यमंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को डिनर के लिए आमंत्रित किया गया है, जहां BRICS देशों का निवेश पहले से मौजूद है या भविष्य में निवेश की संभावनाएं हैं। इस लिहाज से यह डिनर केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राज्यों और BRICS देशों के बीच आर्थिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
16 मुख्यमंत्रियों ने दी डिनर में शामिल होने की सहमति
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तक 16 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने गाला डिनर में शामिल होने की पुष्टि कर दी थी। आमंत्रित मुख्यमंत्रियों में तमिलनाडु और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। BRICS के विस्तार और सदस्य देशों के साथ भारत के बढ़ते आर्थिक संबंधों के बीच राज्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस विशेष आयोजन में शामिल करना निवेश और कारोबारी सहयोग के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शाम 5 से 5:30 बजे संसद भवन पहुंचेंगे CM
गाला डिनर से पहले सभी आमंत्रित मुख्यमंत्री शाम 5 बजे से 5:30 बजे के बीच संसद भवन पहुंचेंगे। यहां से सभी मुख्यमंत्री एक साथ बस के जरिए भारत मंडपम के लिए रवाना होंगे। भारत मंडपम में ही शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से गाला डिनर का आयोजन किया जाएगा।
BRICS देशों के निवेश पर खास फोकस
मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किए जाने के पीछे BRICS देशों के साथ राज्यों के आर्थिक संबंधों को प्रमुख आधार माना जा रहा है। जिन राज्यों में BRICS सदस्य देशों की कंपनियों और संस्थाओं का निवेश है, उनके अलावा भविष्य में निवेश की संभावनाओं वाले राज्यों को भी इस आयोजन में प्रतिनिधित्व दिया गया है। इससे केंद्र और राज्यों के बीच आर्थिक सहयोग के साथ-साथ BRICS देशों के साथ निवेश, व्यापार और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा देने का संदेश भी जाता है। गाला डिनर में प्रधानमंत्री मोदी और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी BRICS सम्मेलन के दौरान भारत की संघीय भागीदारी को भी सामने रखेगी। अब सबकी नजर शाम को होने वाले इस खास आयोजन पर है।


