संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू, 1 फरवरी को पेश होगा आम बजट
2 अप्रैल तक चलेगा बजट सत्र
New Delhi: संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होने जा रहा है, जो 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के बजट सत्र के लिए संसद के दोनों सदनों को बुलाने की मंजूरी दे दी है।
दो चरणों में होगा सत्र
बजट सत्र दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान बजट पर चर्चा के साथ-साथ विभिन्न विधायी कार्य भी निपटाए जाएंगे।
पहले दिन राष्ट्रपति का संयुक्त संबोधन
बजट सत्र के पहले दिन यानी 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। यह संबोधन सरकार की नीतियों, प्राथमिकताओं और आगामी एजेंडे की रूपरेखा तय करेगा।
29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण
इसके अगले दिन, 29 जनवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। आर्थिक सर्वेक्षण में देश की अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति, विकास दर और भविष्य की संभावनाओं का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा।
1 फरवरी को पेश होगा आम बजट
इस बार खास बात यह है कि 1 फरवरी रविवार को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। आमतौर पर अवकाश के दिन संसद की कार्यवाही नहीं होती, लेकिन सरकार ने इस बार रविवार होने के बावजूद बजट 1 फरवरी को ही पेश करने का फैसला किया है।
निर्मला सीतारमण पेश करेंगी नौवां बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए यह बजट खास होगा, क्योंकि वह इस बार सरकार की ओर से नौवां आम बजट पेश करेंगी। बजट से देश की आर्थिक दिशा, कर नीति, विकास योजनाओं और आम जनता को मिलने वाली राहतों को लेकर बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।





