हिंदपीढ़ी में पुलिसकर्मियों से मारपीट के बाद सख्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
Ranchi News: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जिन आरोपियों की पहचान हो चुकी है, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इसकी जानकारी कोतवाली एसपी निखिल राय ने दी।
ब्राउन शुगर की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
कोतवाली एसपी निखिल राय के अनुसार, टाइगर 24 के जवानों को हिंदपीढ़ी इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की।एसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इसके बाद उनके साथ धक्का-मुक्की और छीना-झपटी की गई। इस घटना में एक पुलिस जवान को चोट भी लगी।
पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी हुए फरार
पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली है। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। जांच के दौरान घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
कोतवाली एसपी निखिल राय ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद हिंदपीढ़ी इलाके में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


