mela

JPSC-JSSC महाआंदोलन में बवाल: विधानसभा के पास लाठीचार्ज-पथराव, कई घायल

Stone-pelting near Assembly
shrawani mela

रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्रों का महा-आंदोलन सोमवार को बेहद तनावपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया। राज्य के 24 जिलों से पहुंचे छात्रों का हुजूम तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा तक पहुंच गया। प्रशासन ने छात्रों को बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की, लेकिन कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने लगे। स्थिति बिगड़ने के बाद पुराने विधानसभा के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की सूचना है, जिसमें कुछ छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।

लाठीचार्ज के बाद मची अफरा-तफरी, पत्थरबाजी की भी खबर
पुराने विधानसभा के पास हालात उस वक्त और तनावपूर्ण हो गए, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति बनी। इसी बीच भीड़ की ओर से पत्थरबाजी की खबरें भी सामने आई हैं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर बड़ी संख्या में जूते-चप्पल बिखरे नजर आए। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करती रही, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे।

shrawani mela

पहले वाटर कैनन, फिर लाठीचार्ज
छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों की भीड़ पीछे हटने के बजाय कई जगहों से आगे बढ़ने लगी। प्रशासन ने विधानसभा के आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा घेरा बनाया था। लेकिन बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों के कारण पुलिस के सामने भीड़ को नियंत्रित करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।

कच्चे और पहाड़ी रास्ते से विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग किए जाने के बाद छात्रों के एक समूह ने कच्चे और पहाड़ी रास्तों का सहारा लिया। प्रदर्शनकारी जगन्नाथ मंदिर की ओर बढ़े और बैरिकेडिंग से बचते हुए विधानसभा की तरफ जाने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग को खींचकर हटाया और बिना रुके आगे बढ़ने लगे। प्रशासन की ओर से लगातार छात्रों से निर्धारित स्थान पर रुकने की अपील की जाती रही।

munadi live whattsapp banne.jpg

जयराम महतो ने छात्रों से की शांति की अपील
आंदोलन के बीच डुमरी विधायक और JLKM नेता जयराम महतो भी छात्रों के साथ विधानसभा के करीब पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से मौके पर ही धरना रोकने और विधानसभा के गेट की ओर नहीं बढ़ने की अपील की। जयराम महतो ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने का आग्रह किया और कहा कि उन्हें विधानसभा के गेट के पास नहीं जाना चाहिए। हालांकि, बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ते रहे।

Adiwasi Mahotsav
resizone elanza

Telegram channel

कुछ छात्र विधानसभा परिसर में भी बैठे
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों के विधानसभा परिसर में पहुंचकर वहीं धरने पर बैठने की भी जानकारी सामने आई है। छात्र अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। JPSC-JSSC विवाद को लेकर छात्रों और सरकार के बीच पिछले दिनों कई दौर की बातचीत हो चुकी है। लेकिन CBI जांच समेत कुछ प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का फैसला किया। अब आंदोलन के दौरान हुए टकराव के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।

sawan-mela

सरकार और छात्रों के बीच गतिरोध बढ़ा
छात्रों की प्रमुख मांगों में कथित परीक्षा गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता शामिल है। आंदोलनकारी अभ्यर्थी सरकार से अपनी मांगों पर ठोस और स्पष्ट निर्णय की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर सरकार का कहना है कि बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की गई है और कई मांगों पर सहमति भी बनी है।

Adiwasi Mahotsav

लेकिन विधानसभा घेराव के दौरान लाठीचार्ज, पथराव, वाटर कैनन और प्रदर्शनकारियों के बैरिकेडिंग पार करने की घटनाओं ने आंदोलन को नया और बेहद संवेदनशील मोड़ दे दिया है। फिलहाल विधानसभा और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात है। प्रशासन की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने की है। वहीं छात्रों का आंदोलन जारी है और अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस टकराव के बाद आगे क्या कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *