CCL, MECON और NTPC में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Ranchi Job Fraud

फर्जी जॉब ऑफर देकर युवाओं को बनाता था शिकार

रांची: रांची में प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांके थाना पुलिस ने आरोपी देवाशीष मिश्रा को गिरफ्तार किया है। उस पर CCL, MECON और NTPC जैसी बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से बेरोजगार युवाओं को निशाना बना रहा था। वह खुद को कंपनियों और भर्ती एजेंसियों से जुड़ा हुआ बताकर युवाओं का भरोसा जीतता था और नौकरी की गारंटी देने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।

फर्जी ईमेल आईडी बनाकर करता था ठगी
मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी ईमेल आईडी और नकली नियुक्ति प्रक्रिया का इस्तेमाल करता था। वह युवाओं को इंटरव्यू कॉल, चयन पत्र और जॉइनिंग से जुड़े फर्जी दस्तावेज भेजकर विश्वास में लेता था। इसके बाद उनसे रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी मनी और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पैसे वसूलता था। कई युवाओं से शिकायत मिलने के बाद कांके थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ के दौरान देवाशीष मिश्रा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने माना कि वह प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने का झूठा दावा कर लोगों से पैसे लेता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ठगी की रकम सीधे अपने बैंक खाते में नहीं मंगवाता था। वह अपने परिवार के सदस्यों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाता था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बच सके।

Adiwasi Mahotsav

परिवार के सदस्यों की भूमिका की भी जांच
कांके थाना पुलिस अब उन बैंक खातों की भी जांच कर रही है, जिनमें ठगी की रकम जमा करवाई गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आरोपी के परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

पुलिस ने युवाओं को किया सतर्क
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी कंपनी की भर्ती प्रक्रिया की जानकारी केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें। पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *